
, ब्यूरो रिपोर्ट,
चतरा शहर के केशरी चौक से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

बुधवार को जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम के सामने एक महिला गंभीर रूप से आग में झुलस गई।

उसे बचाने के प्रयास में उसका बेटा और पुलिस के एक एएसआई भी घायल हुए हैं। करीब 80 प्रतिशत तक झुलसी महिला रीना देवी को गंभीर हालत में रांची रिम्स रेफर किया गया है।

पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय नरेश कसेरा और प्रदीप गोस्वामी के बीच मकान को लेकर पुराना कानूनी विवाद है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस-प्रशासन की टीम दखल-दहानी कराने पहुंची थी।

पीड़ित परिवार का दावा है कि वे 100 साल से वहां रह रहे हैं। विरोध के दौरान पेट्रोल छिड़क कर प्रशासन को डराने की कोशिश की गई, तभी भीड़ में किसी ने माचिस जला दी और महिला आग की चपेट में आ गई। बचाव में ASI प्रवीण कुमार और बेटा धीरज झुलस गए।

सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आग महिला ने खुद लगाई या भीड़ में मौजूद किसी अन्य व्यक्ति ने साजिश के तहत माचिस जलाई।









