
, ब्यूरो रिपोर्ट,
साहिबगंज : बरहेट – प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को एसआईआर के तहत मतदाता सूची में दर्ज एनोमली (विसंगति) वाले मतदाताओं के सुधार को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

जहां इस शिविर में बड़ी संख्या में संबंधित मतदाताओं के आवेदन और दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की गई। उधर शिविर में सहायक निर्वाचक पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू, बीडीओ सह प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी अंशु कुमार पांडेय, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया, प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी एवं सचिव मुजीबुर्र रहमान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

इसी दौरान संथाल परगना आयुक्त शैलेन्द्र लाल ने एसआईआर शिविर का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने शिविर में चल रहे मतदाता सूची सुधार कार्य की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों से प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर आयुक्त ने शिविर में पहुंचे लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को मतदाता सूची से संबंधित मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहां जिला प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि यदि मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य किसी विवरण में विसंगति है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुधार के लिए आवेदन करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सकें।









