
धनबाद : जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत 8 लाइन चौक से भूली मोड़ तक रविवार को कानून-व्यवस्था की गंभीर लापरवाही देखने को मिली। यहां बाइकर्स गैंग ने करीब 3 घंटे तक व्यस्त सड़क पर खतरनाक स्टंट कर खुलेआम मौत का खेल खेला, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दर्जनों युवा तेज रफ्तार बाइकों पर व्हीलिंग, ज़िगज़ैग राइडिंग, ओवरटेकिंग और रेसिंग जैसे जानलेवा करतब दिखाते नजर आए। हैरानी की बात यह रही कि कई बाइक सवारों ने पीछे लड़कियों को बैठाकर भी स्टंट किए, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सड़क किनारे काफी संख्या में स्थानीय लोग तमाशबीन बने रहे और स्टंट देख ताली बजाते नजर आए। वहीं दूसरी ओर, इस मार्ग से गुजर रहे कार, ऑटो और दोपहिया वाहन चालक भयभीत दिखे। कई चालकों ने रास्ता बदलना ही बेहतर समझा।
गौरतलब है कि 16 जनवरी को लुबी सर्कुलर मार्ग पर बाइक रेसिंग के दौरान हुए सड़क हादसे में चार बाइकों की टक्कर हो गई थी, जिसमें 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस घटना के बाद भी पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या सख्ती नहीं दिखी, जिसका नतीजा यह रहा कि बाइकर्स गैंग का हौसला और बढ़ गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने लंबे समय तक व्यस्त सड़क पर स्टंट चलते रहे और तेतुलमारी थाना पुलिस को इसकी सूचना क्यों नहीं मिली? क्या क्षेत्र में पेट्रोलिंग की कमी है या फिर सूचना तंत्र पूरी तरह फेल है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच जाती, तो न सिर्फ स्टंट रोका जा सकता था बल्कि किसी संभावित बड़े हादसे को भी टाला जा सकता था।
यदि समय रहते प्रशासन नहीं चेता, तो ऐसे खतरनाक करतब किसी दिन कई जिंदगियों की कीमत ले सकते हैं।









