
JHARKHAND : गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के कमरगामा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना 26 दिसंबर 2025 की शाम को हुई थी। पीड़िता शिव कुमारी देवी को गोली लगी थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गईं।
महागामा थाना क्षेत्र के ग्राम कमरगामा में महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिलने पर गोड्डा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एक जांच एवं छापामारी दल का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी अनोज़ ब्रहम ने जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े पुराने विवाद में शिव कुमारी देवी को पीछे से देसी कट्टे से गोली मारी थी। गोली पीड़िता की पीठ को छूते हुए निकल गई थी। पीड़िता शिव कुमारी देवी के लिखित आवेदन के आधार पर महागामा थाना में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में तीन नामजद अभियुक्तों और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य नामजद अभियुक्त अनोज़ ब्रहम, जो स्वर्गीय चौरासी ब्रहम का पुत्र है, को उसके मामा के घर ग्राम अम्बा, थाना ललमटिया से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
गिरफ्तार अभियुक्त को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य नामजद अभियुक्तों की भूमिका की जांच की जा रही है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।









